रामलला के दर्शन को आज अयोध्या जाएंगे पांच हजार भाजपाई
रामपुर। अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए 5105 भाजपाई शुक्रवार को रामपुर से कूच करेंगे। इसके लिए भाजपा ने रणनीति तैयार कर ली है।
अयोध्या जाने के लिए 103 बसों की व्यवस्था की गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस संबंध में विस्तार से कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया।अयोध्या में रामलला के दर्शन शुरू हो गए हैं।
पहले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ था और इस जत्थे ने रामलला के दर्शन किए थे। इस कार्यक्रम के बाद अब भाजपाइयों को भी रामलला के दर्शन कराने का फैसला लिया गया है। रामपुर से शुक्रवार की सुबह छह बजे 5105 कार्यकर्ता अयोध्या के लिए कूच करेंगे।
रामलला मंदिर दर्शन अभियान के जिला संयोजक अशोक विश्नोई ने बताया कि जिले के सभी 20 मंडलों से तीन-तीन प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता रवाना होंगे। बताया कि 103 बसों में सवार होकर भाजपा कार्यकर्ता भव्य राम मंदिर को देखने शुक्रवार की सुबह छह बजे रामपुर से प्रस्थान करेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज पप्पू ने बताया कि सारी तैयारियां हो चुकी हैं। कार्यकर्ता नौ फरवरी की रात में अयोध्या में विश्राम करेंगे और सुबह 6 बजे सरयू नदी में स्नान कर प्रभु श्री राम जी एवं अयोध्या के भव्य मंदिर के दर्शन करेंगे। इस मौके पर सह संयोजक दिनेश शर्मा व दिलीप सक्सेना, राजीव मांगलिक आदि मौजूद रहे।