बिजली के खंभे के पास सरकारी नल में उतरा करंट, हत्था पकड़ते ही युवक की मौत
बदायूं के गांव हरदत्तपुर में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। सरकारी हैंडपंप में पास लगे बिजली के खंभे से करंट उतर गया। सुबह जब एक युवक ने जैसे ही नल का हत्था पकड़ा, उसे तेज करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई
बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव हरदत्तपुर में सरकारी नल में करंट आने से 28 वर्षीय युवक दिनेश कुमार की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है
कि नल के बराबर में ही बिजली का खंभा लगा है। उससे किसी तरह नल में करंट आ गया। जैसे ही युवक ने नल का हत्था पकड़ा, करंट ने उसको चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ।
परिवार वालों के मुताबिक घर के सामने ही सरकारी नल है। उसी के बराबर में बिजली का खंभा है। दिनेश कुमार सुबह सरकारी नल पर पानी पीने गया था।
तभी युवक को बिजली का करंट लग गया। यह देखकर ग्रामीण दौड़कर आ गए। उन्होंने किसी तरह युवक को नल से अलग किया और उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए,
जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।