भीषण गर्मी से सावधान रहकर रखें अपने स्वास्थ्य का ध्यान: डॉ बी आर किशोर
बहजोई: बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के द्वारा धर्मार्थ संचालित श्री दिगम्बर जैन औषद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन कर भीषण गर्मी से अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए खास सावधानी बरतने की सलाह एवं टिप्स प्रदान किये गए साथ ही आवश्यक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
नगर के मोहल्ला गोलागंज स्थित बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास द्वारा संचालित श्री दिगम्बर जैन औषद्यालय में एक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का प्रारंभ न्यास के अध्यक्ष पवन कुमार जैन ने महावीर भगवान के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर
औषद्यालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी आर किशोर ने उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए बताया
कि आप गर्मी के प्रकोप से खुद को और अपने परिवार को बचा सकते हैं। सरकार ने भी गर्मी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है। भीषण गर्मी से इंसान, पशु और पक्षी सभी परेशान हो रहे हैं।
आसमान से आग बरस रही है। ऐसे में गर्मी से बचना तो विशेष सावधानी बरतें। तेज गर्मी आपको और आपके परिवार को बीमार कर सकती है। गर्मी में खासतौर से खान-पान का ख्याल रखने की जरूरत है।
भरपूर पानी पिएं- गर्मी से बचने का एक सबसे आसान उपाय है कि आप भरपूर पानी पिएं। इससे शरीर गर्मी से लड़ने में सक्षम होगा। तेज धूप में निकलने से पहले 1 गिलास पानी पीकर निकलें। शरीर हाइड्रेट रहेगा और पानी की कमी नहीं होगी और धूप का असर भी कम होगा।
घर की बाहर और बालकनी में पशु पक्षियों के लिए भी पानी जरूर रखें। खुद को कवर करके निकलें- सर्दी ही नहीं गर्मी से बचने के लिए भी खुद को कवर करके रखें। तेज धूप में सीधे निकलने से बचें।
सिर को टोपी या किसी दुपट्टे से कवर करके रखें। अगर धूप में ज्यादा देर के लिए जा रहे हैं तो छाता लेकर जाएं। फुल स्लीव्स के सूती कपड़े पहनें। इससे धूप के असर को कम किया जा सकता है।
घर में इलेक्ट्रोलाइट्स बनाकर रखें- सिर्फ पानी ही काफी नहीं है धूप और गर्मी से बचने के लिए। इसके लिए आप घर में नमक और चीनी का घोल बनाकर रखें। इस होममेड इलेक्ट्रोलाइट्स से आप शरीर में पानी की कमी को दूर कर सकते हैं।
इससे गर्मी का असर आपको प्रभावित नहीं कर पाएगा। गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। तेज गर्मी में बच्चों को आउटसाइड खेलने के लिए न भेजें। 11 बजे से 4 बजे तक बच्चों और बुजुर्गों को घर पर ही रहने के लिए कहें।
घर में पर्दे लगाकर रखें और हवादार जगहों पर ही बैठें। अगर किसी को लू लग जाए तो उसे आइस पैक और ठंडे पानी से ठंडा करने की कोशिश करें।