साले की शादी के कार्ड बांटने जा रहे युवक की रोड ऐक्सिडेंट में मौत
सम्भल जिले के बनियाठेर बिलारी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरौली के पास तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में साले की शादी के कार्ड बांटने जा रहे
चंदौसी के अशोकनगर निवासी मिंटू (22) की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
चंदौसी की अशोकनगर कॉलोनी निवासी मिंटू मंडी समिति में पल्लेदारी करता था। उसकी शादी दो वर्ष पहले संभल के गांव दतावली निवासी रेनू के साथ हुई थी। एक जुलाई को मिंटू के साले सुमित की शादी है। मंगलवार को मिंटू अपने मोहल्ले के ही दोस्त सुमित के साथ साले की शादी के कार्ड बांटने के लिए बिलारी के गांव सुजानपुर जा रहे थे। बिलारी के गांव धमावली के पास पहुंचने पर उनकी बाइक आगे
जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे में मिंटू और सुमित घायल हो गए। घटनास्थल पर एकत्र लोगों ने घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से चंदौसी सीएचसी भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने मिंटू को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही
शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी रेनू पति की मौत की जानकारी होते ही बेहोश हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिंटू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं चालक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया।