बदायूं में रोजाना सुबह से लेकर शाम तक वाहनों की डग्गामारी, अवैध तरीके से बने अस्थायी वाहन स्टैंड
बदायूं। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के भले ही बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं लेकिन शहर में कई ऐसे इलाके हैं, जहां रोजाना सुबह से लेकर शाम तक डग्गामारी होती है।
सड़क के किनारे ही अस्थायी रूप से वाहन स्टैंड तक बना लिए गए हैं। जिले में लगातार वाहनों की चेकिंग होती रहती है पर यातायात पुलिस भी इधर से रोजाना देखकर निकलकर जाती है।
वाहन को सड़क पर खड़े करके यात्रियों को बैठाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं होती। यही वजह है कि शहर में न तो डग्गामारी खत्म नही हो रही है और न ही बनाए गए अस्थायी वाहन स्टैंड खत्म हो रहे हैं।
शहर में आंबेडकर पार्क के नजदीक नगर पालिका की ओर से एक बोर्ड भी लगाया गया था, जिस पर नो- पार्किंग लिखा हुआ था लेकिन अब वह बोर्ड तोड़कर अलग कर दिया गया है।
सुबह से लेकर शाम तक तमाम ई-रिक्शा, ऑटो, टेंपो और मैजिक वाहन खड़े होते हैं। कभी-कभी स्थिति यह बन जाती है कि लोगों को इधर से पैदल निकलना तक दूभर हो जाता है।
गांधी ग्राउंड के नजदीक लोडर वााहनाें का स्टैंड है तो राेडवेज बस अड्डे के नजदीक कार और टैक्सी वाहन खड़े होते हैं। यहां वर्षों से इन वाहनों को अड्डा बना हुआ है।