नदी की खोदाई के स्थान को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध
संभल। नरोत्तम सराय गांव के लोगों ने शनिवार को भैंस नदी की खोदाई पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि नदी खोदा जाने पर घर में पानी आएगा, इसलिए इसे दूर खोदा जाए। वैसे भी यह कागजों में नहीं है। प्रशासन मनमानी कर खोदाई करा रहा ।
दरअसल, शहर से होकर गुजर रही भैंस नदी को जीवंत कराने के लिए प्रशासन की ओर से जमीन को कब्जा मुक्त कराकर जेसीबी से खोदाई कराई जा रही है।
शहर से सटे गांव नरोत्तम सराय निवासी लोग राजस्व विभाग पर भैंस नदी की खोदाई नक्शे से अलग कराने का आरोप लगा रहे हैं और कई बार विरोध करके खोदाई का काम रुकवा चुके हैं।
शनिवार को भैंस की खोदाई करने के लिए चालक जैसे ही जेसीबी लेकर पहुंचा। इस पर तमाम लोग घरों से निकल आए और खोदाई का काम बंद कराकर प्रदर्शन किया। कय्यूम रजा ने बताया कि भैंस नदी की खोदाई नक्शे से अलग कराई जा रही है।
भैंस नदी की जद में कई प्लाट आ रहे हैं। यदि नक्शे के विपरीत खोदाई की गई तो कई लोग अपने प्लाट से हाथ धो बैठेंगे। प्रदर्शन करने की सूचना मिलने पर एसडीएम विनय कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे
और जेसीबी से भैंस नदी की खोदाई कराई। एसडीएम ने भैंस नदी की खोदाई में आ रहे प्लाट स्वामियों को दूसरी जगह नापजोख कराकर जमीन देने का आश्वासन दिया। इस दौरान अलीजान, शरीफ, अलीजा, जैरा, सना, साबरी, परवीन आदि रहे।