आधार कार्ड में संशोधन के नाम पर वसूली विरोध में लोगों ने किया प्रदर्शन
नेशनल 24 लाइव न्यूज़ जनपद। बदायूं। बिल्सी। आधार कार्ड में संशोधन के नाम पर मनवाने ढंग से वसूली किए जाने से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को अंबियापुर स्थित खंड शिक्षाअधिकारी कार्यालय पर पहुंच कर प्रदर्शन किया।
साथ ही आधार संशोधन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बीएसएनएल उपकेंद्र के नीचे एवं अंबियापुर में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर आधार संशोधन का कार्य काफी दिन से चल रहा है। आधार कार्ड में संशोधन करने के लिए लोग सुबह से ही यहां लाइन लगाना शुरू कर देते हैं।
शाम तक लोगों की भीड़ लगी रहती है। आधार कार्ड संशोधन के लिए एक निश्चित फीस तय है। आरोप है कि इन स्थानों पर लोगों से आधार कार्ड में संशोधन करने के नाम पर मनमानी रुपए वसूले जा रहे हैं।
परेशान लोगों ने आज अपने बच्चों के साथ खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि आधार कार्ड संशोधन के नाम पर ₹500 तक वसूले जा रहे हैं।
प्रदर्शन करने वालों ने आरोपी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जैसे इसकी सूचना तहसील प्रशासन को हुई तो यहां कुछ देर बाद नायब तहसीलदार मोहित कुमार सिंह पहुंच गए।
उन्होंने लोगों को समझाकर शांत किया। इस मौके पर सुरजीत सिंह, मुनेष कुमार, विशाल बाबू, रवि कुमार, रोहित कुमार, लोकेश शर्मा, सोमदत्त, किशनपाल आदि मौजूद रहे।