लगन में डांस करते समय बच्चों पर गिरा डीजे, एक की मौत तीन घायल।
जनपद सम्भल के जुनावई क्षेत्र के गांव मिठनपुर में शनिवार रात लगन समारोह में डीजे के कोलम गिरने से छह वर्षीय कृष्णा की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हुए हैं। घायलों में से एक बच्चे का अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। अन्य दो बच्चे गांव के निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
गांव मिठनपुर निवासी चंद्रकेश के यहां शनिवार की रात लगन का कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में डीजे की धुन पर बच्चे डांस कर रहे थे। करीब 11 बजे डीजे के कुछ कोलम नीचे आ गिरे। इनमें दबकर नीलेश के बेटे कृष्णा (6) तथा गांव के ही अमित (8), विकास (10), प्रदीप (3) घायल हो गये।
समारोह में अफरातफरी का माहौल हो गया। परिजन घायल कृष्णा और अमित को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां उपचार के दौरान कृष्णा की मौत हो गई। अमित की हालत गंभीर है। विकास और प्रदीप को गांव के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैl