जिला कारागार निर्माण के लिए 11 किसानों ने कराए बैनामे
सम्भल चंदौसी जिला कारागार के निर्माण के लिए गांव घासीपुर में चिह्नित की गई 402 बीघा जमीन के बैनामे की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। बुधवार तक 11 किसानों ने 4.107 हेक्टेयर (64.98 बीघा) जमीन के बैनामे करा चुके हैं। 20 बैनामे होने के बाद राज्यपाल की ओर से नियुक्त प्रतिनिधि इन बैनामों को पंजीकृत कराएंगे। जिसके बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
संभल के जिला बनने से अभी तक जिला कारागार नहीं बन सकी है। काफी समय जिला कारागार के निर्माण के लिए कवायद चल रही है। शासन से अनुमति मिलने के बाद शासन ने बहजोई के गांव घासीपुर में कारागार के निर्माण के लिए 26.065 हेक्टेयर (402 बीघा) जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजा था।
प्रस्ताव पास होने के बाद मंगलवार से उप निबंधक कार्यालय चंदौसी में चिह्नित की गई भूमि के बैनामों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक 11 किसान जमीनों के बैनामे करा चुके हैं। राज्यपाल की ओर से नियुक्त पवन प्रताप सिंह वरिष्ठ अधीक्षक जिला कारागार की देखरेख में बैनामों की बची कार्रवाई पूरी की जाएगी।
अनुसूचित जाति जनजाति की जमीनों का भी होगा अधिग्रहण
जिला कारागार के लिए अनुसूचित जाति जनजाति की जमीनों का भी अधिग्रहण किया जाएगा। सर्किल रेट से ज्यादा मूल्य मिलने पर इन किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा। जानकारी के अनुसार किसानों को अधिग्रहण की गई
भूमि में राजकीय सूची में दिए गए सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा मिलेगा। वर्तमान में घासीपुर की सामान्य भूमि का सर्किल रेट 22 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर और सड़क पर स्थित भूमि का मूल्य 24 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर है।
स्टाम्प की दी जा रही छूट
अधिगृहीत की जा रही जमीनों के बैनामों में स्टाम्प पर छूट दी गई है। बैनामे के मूल्य पर एक प्रतिशत रसीद कटने का प्रावधान है।