उझानी में नए साल में शुरू होगा सड़क के चौड़ीकरण का काम
बदायूं बदायूं के उझानी मैं लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड़-दो में बरेली-मथुरा हाईवे से जुड़े शहरी भाग (बाजार) में सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा। 5.53 करोड़ रुपये की लागत से शुरू होने वाला निर्माण कार्य मार्च 2025 तक पूरा किया जाना है। इसके बाद लोगों को जाम से निजात मिल जाएगी।
करीब दो महीना पहले मुख्य बाजार की सड़क की पैमाइश विभागीय कर्मचारियों ने की थी। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया था। करीब ढाई किमी सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाना है। पिछले दिनों विभागीय स्तर से दावा किया गया था
कि बाइपास स्थित कल्याण सिंह से पुराने बिजली उपकेंद्र (पंजाबी कॉलोनी मोड़) तक और कश्यप पुलिया से कृषि उत्पादन मंडी समिति मोड़ तक चौड़ीकरण के साथ सौंदर्यीकरण के तहत बीच में डिवाइडर का निर्माण किया जाएगा।
मुख्य बाजार की सड़क इन्हीं दोनों इलाकों में पर्याप्त चौड़ी है, लेकिन कहीं पर डिवाइडर नहीं बने हैं। बताते हैं कि अगले महीने निविदा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चौड़ीकरण का काम शुरू होगा। इस पर करीब 5.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2024-25 में ही पूरा होना है। कार्य पूरा होने के बाद बाजार में लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
घंटाघर से अशफाक तिराहे तक है अतिक्रमण
मुख्य बाजार में अतिक्रमण की वजह से आवागमन में नागरिकों की दिक्कत पर गौर करें तो घंटाघर चौराहे से अशफाक तिराहे तक सड़क पर दुकानदारों का सामान रखा नजर आता है। कुछेक दुकानदारों ने तो अस्थायी रूप से फुटपाथ पर कब्जा भी कर रखा है।
साप्ताहिक बाजार मंगलवार और शनिवार वाले दिन बाजार में जाम की स्थिति रहती है। विभागीय अफसर भी इस हकीकत से वाकिफ हैं।
उझानी में बरेली-मथुरा-भरतपुर हाईवे पर उझानी के शहरी भाग में सड़क के चौड़ीकरण के लिए
विभागीय स्तर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आने वाले दिनों में निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। - देवपाल सिंह, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड- दो, लोक निर्माण विभाग