संवाददाता सुमित कुमार
_आंवला सांसद के प्रतिनिधि पर हमला, मोबाइल और रुपये लूटने का आरोप_
बरेली। सपा नेता और आंवला सांसद नीरज मौर्य के प्रतिनिधि पर मंगलवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। सांसद प्रतिनिधि का आरोप है कि उनका मोबाइल और रुपये लूट लिए गए। रिपोर्ट दर्ज कराने सुभाषनगर थाने पहुंचे तो दरोगा ने धमकाया और लूट के बजाय गुमशुदगी की तहरीर देने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने उच्च अधिकारियों से इसकी शिकायत की है।
आंवला सांसद के प्रतिनिधि अनुज मौर्य का कहना है कि मंगलवार रात वह क्षेत्र से वापस लौट रहे थे। रास्ते में सिटी श्मशान भूमि रोड किला, सीबीगंज और सुभाषनगर थाने के बार्डर पर कुछ लोगों ने बाइक से पीछा करते हुए उनको घेर लिया। उन पर हमला कर मोबाइल और रुपये लूट लिए। सुभाषनगर थाने में उन्होंने लूट की तहरीर दी तो दरोगा ने उनको धमकाया और गुमशुदगी की तहरीर देने को कहा। पुलिस के दबाव में उन्होंने चोरी की तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज किए जाने के संबंध में अब तक उनको जानकारी नही है। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों में पीड़ितों की सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ितों को थानों में डराया धमकाया जाता है।