बहजोई: बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को बीएमबीएल जैन कॉलेज, बहजोई में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता के साथ-साथ मातृत्व को प्रकृति से जोड़कर सम्मानित करना रहा।
इस अवसर पर कॉलेज परिसर में विविध प्रजातियों के छायादार वृक्षों का रोपण किया गया, जिसमें कचनार, नीम, गुड़हल, आंवला, अमलतास, अमरूद, सागौन, शीशम आदि प्रमुख रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं,
शिक्षकों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कॉलेज के निदेशक संभव जैन ने स्वयं पौधारोपण कर “एक पेड़ माँ के नाम” समर्पित किया। उन्होंने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक माँ हमें जीवन देती है,
उसी प्रकार एक वृक्ष निःस्वार्थ भाव से हमें प्राणवायु, छाया और पर्यावरण की सुरक्षा प्रदान करता है। उत्तर प्रदेश में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के माध्यम से हम अपनी माताओं के प्रति श्रद्धा और प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व का संकल्प दोहराते हैं। यह अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, अपितु एक भावनात्मक जुड़ाव है, जिसे हमें सतत निभाना है।
इस मौके पर डॉ. मनोज, नागेश कुमार, सौरभ सक्सेना, अखिलेश कुमार, देवेंद्र यादव, जसवीर सिंह, अक्षय राठौर, नेत्रपाल सिंह, दीपक, शिव कुमार आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन वृक्षों की देखभाल के संकल्प और 'हरित परिसर' की दिशा में सामूहिक योगदान की शपथ के साथ किया गया।