पीएम मोदी भी कर चुके हैं लेखन की प्रशंसा, देश-विदेश में साहित्य का डंका
मिलक अमित कुमार जोशी
साहित्य जगत में रामपुर का नाम रोशन करने वाले वरिष्ठ साहित्यकार डॉ चन्द्रप्रकाश शर्मा को श्रीबालाजी विकास सेवा संस्थान द्वारा आयोजित रामपुर रत्न एवं विशिष्ट सम्मान समारोह में भव्य रूप से “रामपुर रत्न” सम्मान से अलंकृत किया गया। यह समारोह शहर के प्रतिष्ठित शगुन हाल में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
सम्मान समारोह में नगर विधायक आकाश सक्सेना एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने संयुक्त रूप से डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को साहित्य के क्षेत्र में सतत, समर्पित एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक आकाश सक्सेना ने जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए कहा कि
“डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा न केवल रामपुर बल्कि देश के वरिष्ठ साहित्यकारों में शामिल हैं। उनके लेखन की प्रशंसा स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं, जो जनपद के लिए गर्व की बात है।”
डॉ. शर्मा की चर्चित कृति ‘अमृत्व की खोज’ ने दिल्ली विश्व पुस्तक मेला और मुरादाबाद उदिषा साहित्योत्सव में विशेष पहचान बनाई और पाठकों व साहित्यप्रेमियों के बीच व्यापक सराहना प्राप्त की।
सम्मानों की लंबी फेहरिस्त
डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को देश के विभिन्न हिस्सों से अब तक अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें प्रमुख रूप से
कोलकाता से भारत रत्न गौरव सम्मान
राजस्थान से भारत श्री सम्मान
वृंदावन में सर्व भाषा साहित्य गौरव सम्मान
सेना द्वारा राष्ट्र गौरव सम्मान
मुंबई में फिल्मी सितारों द्वारा ‘प्राइड ऑफ नेशनल अवार्ड’
दिल्ली में ‘आनरऐज एक्सीलेंस अवॉर्ड’ शामिल हैं।
डॉ. शर्मा आकाशवाणी, दूरदर्शन, काव्य मंचों, निबंध लेखन और साहित्यिक विमर्श के माध्यम से वर्षों से निरंतर साहित्य सेवा में संलग्न हैं। उनके सम्मान से रामपुर के साहित्यिक गौरव में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है।
समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, गणमान्य नागरिक एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे और डॉ. शर्मा को इस उपलब्धि के लिए बधाइयाँ दीं।