सातदिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का आयोजन ।
सम्भल:
बहजोई महाविद्यालय, बहजोई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आयोजित सातदिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का आयोजन मलिन बस्ती वार्ड संख्या 12 स्थित निर्माणाधीन महाविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में स्वयंसेवियों ने सम्पूर्ण परिसर की साफ़-सफाई करके शर्मादान किया और स्वच्छता का सन्देश दिया |
शिविर के द्वितीय सत्र का शुभारंभ दि बहजोई एजूकेशन डवलपमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र बाबू, मंत्री अजय कुमार ‘तम्बाकू’, महाविद्यालय प्रबन्ध समिति के सदस्य तनुज कुमार ‘गुरु’, कपिल वार्ष्णेय और इंटरमीडिएट कॉलेज, बहजोई के प्रबंधक विकास वार्ष्णेय के साथ ही महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार गुप्ता,रासेयो
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता आदि ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। द्वितीय सत्र में स्वयंसेवियों ने लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी विषय पर पोस्टर बनाये और लोकतंत्र में युवा किस प्रकार अपनी भूमिका निभा रहे है जैसे महत्वपूर्ण विषय को पोस्टर के माध्यम से कागजों पर उकेरा |
इसी क्रम में आयोजित लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी विषय आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए इंटरमीडिएट कॉलेज, बहजोई के प्रबंधक विकास वार्ष्णेय ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान ही सर्वोपरि है और इसमें युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है, युवा ही राष्ट्र की दशा और दिशा तय करते है | रासेयो की कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र में मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए और
लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए | महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और स्वयंसेवियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा जिसकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गयी है वह अपना मतदाता पंजीकरण अवश्य कराए और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान अवश्य दें | कार्यक्रम में यशपाल सिंह, नेमपाल सिंह, ममता सहित समस्त महाविद्यालय परिवार की सक्रिय उपस्थिति रही।