19 से 30 मार्च तक लगेंगी ग्राम चौपालें
बदायूँ : 18 मार्च। उप जिलाधिकारी (न्यायिक) / बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने जानकारी दी है कि चकबंदी प्रक्रिया के तहत ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए जिले के विभिन्न गांवों में 19 मार्च से 30 मार्च 2026 तक ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम चकबंदी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है, जिसमें संबंधित अधिकारी गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निस्तारण करेंगे।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 मार्च को ग्राम गिधौल (तहसील सदर) में, 27 मार्च को ग्राम गुलड़िया (तहसील सदर) में, 28 मार्च को ग्राम परौली (तहसील बिसौली) में तथा 30 मार्च को ग्राम रसूला (तहसील बिल्सी) में पंचायत भवनों पर चौपाल आयोजित होगी। सभी चौपालों का समय दोपहर 03 बजे निर्धारित किया गया है।
इन चौपालों में उप संचालक चकबंदी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, चकबंदी अधिकारी एवं सहायक चकबंदी अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने संबंधित गांवों के ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें और उनका मौके पर समाधान कराएं।
-----