रामपुर में डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा ‘साहित्य भूषण’ से सम्मानित
अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन में वरिष्ठ साहित्यकार को मिला सम्मान, गूंजती रही तालियां
होली और नव संवत्सर विक्रमी 2083 के अवसर पर रामपुर के लोहिया पार्क में आयोजित अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को “साहित्य भूषण सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य सृजन के माध्यम से समाज की संवेदनाओं को स्वर देने और रामपुर का नाम रोशन करने के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक एवं विकास मंच, रामपुर द्वारा किया गया। मंच से सबसे वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना तथा जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी ने डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को उत्तरीय ओढ़ाकर और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पूरे पंडाल में तालियों की गूंज के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया।
समिति के कोषाध्यक्ष एवं गीतकार सचिन सार्थक ने उद्घोषणा करते हुए बताया कि डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक सेवाओं के लिए दिया गया है। वे अब तक छह पुस्तकों के रचयिता हैं
और प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में उनके 250 से अधिक संपादकीय आलेख प्रकाशित हो चुके हैं। इसके साथ ही वे 150 से अधिक आकाशवाणी वार्ताओं के वार्ताकार भी रह चुके हैं।
उन्होंने बताया कि डॉ. शर्मा के लेखन की प्रशंसा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कर चुके हैं। दूरदर्शन पर उनके दर्जनों काव्यपाठ और साक्षात्कार प्रसारित हो चुके हैं तथा देश के विभिन्न प्रांतों में उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। सेना के अधिकारियों और फिल्मी सितारों द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में संयोजक अवधेश शर्मा, अध्यक्ष रमेन्द्र गुप्ता और महामंत्री अनुज सक्सेना सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मान की घोषणा होते ही पूरे पंडाल में खुशी का माहौल बन गया और लोगों ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया!