बदायूं: एसएसपी से शिकायत, महिला ने न्याय की लगाई गुहार सहसवान- क्षेत्र के ग्राम डकारा पुख्ता निवासी गीता पत्नी कृष्णमुरारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष ने थाना पुलिस से सांठगांठ कर उसके और उसके परिवार के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है।
पीड़िता ने निष्पक्ष जांच की मांग की है महिला ने बताया कि जिस दिन घटना दिखाई गई है, उस दिन उसके पति हरियाणा में अपने कार्यस्थल पर मौजूद थे। इसकी पुष्टि मोबाइल लोकेशन और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों से हो सकती है,
लेकिन पुलिस जांच करने को तैयार नहीं है।
महिला ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर पुलिसकर्मी डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं। साथ ही विपक्षी पक्ष परिवार को लगातार धमकी दे रहा है और खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
पीड़िता ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की जांच किसी उच्च अधिकारी या अन्य थाने से कराई जाए, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन को साक्ष्य बनाया जाए तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।