योगी सरकार के आदेशों की खुलेआम अनदेखी, बैनर लटकने के बावजूद नहीं हुआ आयोजन
रामपुर। जनपद के थाना शहजादनगर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित ‘थाना दिवस’ व्यवस्था की धज्जियां उड़ती नजर आईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार थाना दिवस के दिन फरियादियों की समस्याएं सुनकर त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है, लेकिन थाना शहजादनगर में इसका उल्टा नजारा देखने को मिला।
थाने में थाना दिवस का बैनर तो लटका हुआ मिला, लेकिन मौके पर थाना दिवस की कोई भी व्यवस्था दिखाई नहीं दी। फरियादी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे, लेकिन वहां न तो किसी अधिकारी की मौजूदगी रही और न ही शिकायत सुनने की कोई प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थाना दिवस के बाहर कोई हलचल नहीं दिखी, जिससे साफ जाहिर होता है कि थाना दिवस केवल कागजों में ही चल रहा है। शिकायत लेकर पहुंचे लोगों को काफी देर तक भटकना पड़ा और अंत में उन्हें बिना समाधान के वापस लौटना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए थाना दिवस जैसी व्यवस्था चला रही है, तो जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से जनता को न्याय कैसे मिलेगा।
अब सवाल यह उठता है कि थाना दिवस का बैनर लगाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, लेकिन शासन के आदेशों का पालन क्यों नहीं हुआ?
इस मामले में उच्च अधिकारियों को संज्ञान लेकर थाना शहजादनगर में थाना दिवस न होने की जांच करानी चाहिए, ताकि आगे से फरियादियों को भटकना न पड़े।