रामपुर । भारत गार्डन में रेडिको खैतान लिमिटेड के सौजन्य से योगेश्वर संस्थान द्वारा आयोजित महिला सशक्तिकरण एवं महिला अधिकार विषयक सेमिनार का भव्य समापन किया गया। कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्षा श्रीमती विजयंती यादव द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रेडीको खैतान के प्रबंध निदेशक ने संस्था द्वारा 29 फरवरी 2026 से संचालित नुक्कड़ नाटक, सेमिनार एवं रैली जैसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नंदलाल यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने महिला अधिकार एवं सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न अधिनियमों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
खुले सत्र के दौरान प्रिया मधुकर एवं निधि सिंह द्वारा प्रतिभागियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को संतोषजनक उत्तर प्रदान किए गए। इंपैक्ट कॉलेज के छात्रों द्वारा जिला विधिक प्राधिकरण के निर्देश पर लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, वहीं संस्था की आई.ई.सी. टीम द्वारा महिला जागरूकता विषयक नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों एवं छात्रों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को मध्यान्ह भोजन वितरित किया गया। श्री रमेश चंद्र भट्ट ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, वित्तीय प्रबंधन एवं डिजिटल साक्षरता पर विस्तृत जानकारी दी।