जनहित में सड़क सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी को सौंपा संयुक्त ज्ञापन

Notification

×

All labels

All Category

All labels

जनहित में सड़क सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी को सौंपा संयुक्त ज्ञापन

Monday, May 11, 2026 | May 11, 2026 Last Updated 2026-05-11T13:38:30Z
    Share
जनहित में सड़क सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी को सौंपा संयुक्त ज्ञापन
रामपुर। जनपद रामपुर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर पूर्व विधायक बिलासपुर संजय कपूर एवं कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा “निक्कू पंडित” के संयुक्त नेतृत्व में जिलाधिकारी रामपुर को एक विस्तृत संयुक्त ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्गों, शहर के मुख्य मार्गों, पुलों, कट, मोड़ों एवं डायवर्सन स्थलों पर तत्काल सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।
नेताओं ने कहा कि जनपद रामपुर सहित बिलासपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर आए दिन गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें अनेक निर्दोष नागरिक अपनी जान गंवा रहे हैं। हाईवे कट, अवैध यू-टर्न, निर्माणाधीन मार्ग, डायवर्सन एवं शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।


ज्ञापन में विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर बिलासपुर क्षेत्र के निम्न स्थानों को अत्यधिक दुर्घटना संभावित बताते हुए तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की गई।
इस दौरान सबसे पहले 
मनकरा मोड़ कट

खुटाखेड़ा से पहले मोगा ढाबा के सामने स्थित कट,
बिलासपुर नवीन मंडी के पास स्थित कट,
मन्नत गार्डन के सामने स्थित कट,
इसके अतिरिक्त रामपुर शहर के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों का भी उल्लेख किया गया, जिनमें
सर्किट हाउस गांधी समाधि स्थित राहे रज़ा मार्ग, कचहरी का पूर्वी गेट रोड, राजा रोड पुलिस लाइन मार्ग, ठोटर चौराहा एवं मोरी गेट तोपखाना मोड़, कोसी मंदिर रामलीला मैदान सराय गेट मोड़, राम रहीम पुल के दोनों सिरे तथा तहसीलों को जाने वाले मुख्य मार्गों के कट एवं मोड़ शामिल हैं।

ज्ञापन में कहा गया कि कई स्थानों पर रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक एवं रम्बल स्ट्रिप का अभाव है, जिसके कारण वाहन चालक अचानक मोड़ अथवा कट का अनुमान नहीं लगा पाते और दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। भारी एवं ओवरलोड वाहनों की तेज गति भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है।

विशेष रूप से राम रहीम पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही को गंभीर खतरा बताते हुए नेताओं ने पुल के दोनों सिरों पर मजबूत लोहे के बैरियर एवं ऊंचाई नियंत्रित करने वाले पोल लगाए जाने की मांग की, ताकि भारी वाहनों का प्रवेश रोका जा सके और पुल को संभावित क्षति से बचाया जा सके।


संयुक्त ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई कि संबंधित विभागों राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, यातायात पुलिस एवं अन्य संबंधित प्राधिकरणों को तत्काल प्रभाव से निर्देशित कर निम्न कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं जिसमें 
• सभी कट, मोड़ एवं डायवर्सन स्थलों पर मानक अनुसार रम्बल स्ट्रिप लगाए जाएं।


• स्पीड लिमिट बोर्ड, फ्लोरोसेंट चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाए जाएं।
• दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में हाई मास्ट लाइट एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
• निर्माणाधीन मार्गों एवं डायवर्सन पर उचित बैरिकेडिंग की जाए।
• स्कूल, बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्पीड कंट्रोल हेतु स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं।
• यातायात पुलिस द्वारा नियमित निगरानी एवं पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।

• सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों को नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया जाए।
नेताओं ने कहा कि यह केवल यातायात व्यवस्था का विषय नहीं बल्कि सीधे आमजन के जीवन एवं सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से जनहित में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की।

ज्ञापन प्रेषित करने वालों में प्रमुख रूप से
संजय कपूर (पूर्व विधायक, बिलासपुर),
प्रमिल कुमार शर्मा “निक्कू पंडित” (जिलाध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी),
मती उर रहमान खान “बबलू” सदस्य AICC,
बाकर अली खान (नगर अध्यक्ष),
शकील मंसूरी (कार्यालय सचिव),
साहिर रज़ा खान, शारीब अली खान, नोमान मुमताज़ खान, चितरंजन प्रसाद, सरदार गुरबाज सिंह,सरदार चरण सिंह,दुर्गेश मौर्य, राजेश लोधी, मो. ज़की, कमाल, शहवाज खान फरीद खां इमरान पाशा आदि शामिल रहे।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close