मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल में भव्य कार्यक्रम आयोजित।
बहजोई। मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल में दिव्य गंगा सेवा मिशन, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मातृ शक्ति के सम्मान में व्यक्त विचारों ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीएमबीएल जैन स्कूल एंड कॉलेज के निदेशक सम्भव जैन, बुलंदशहर के साहित्यकार हरेन्द्र शर्मा हर्ष, रामपुर से आए वरिष्ठ साहित्यकार शिव कुमार चंदन एवं राजवीर सिंह राज, शामली से आए श्रीपाल शर्मा, मुरादाबाद से आए ईशान शर्मा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इसके उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का स्वागत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों की खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक संभव जैन ने कहा कि मातृ शक्ति समाज की सबसे बड़ी प्रेरणा है तथा बच्चों के जीवन में संस्कारों की प्रथम पाठशाला मां ही होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों एवं मातृ सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
साहित्यकार हरेंद्र शर्मा ‘हर्ष’ ने अपने वक्तव्य में कहा कि मां का स्थान संसार में सर्वोपरि है तथा मां के त्याग, स्नेह और समर्पण का कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने बच्चों से माता-पिता के सम्मान एवं सेवा का संदेश दिया।
शिव कुमार चंदन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृ शक्ति को देवी स्वरूप माना गया है और आज आवश्यकता है
कि नई पीढ़ी अपने संस्कारों एवं पारिवारिक मूल्यों को आत्मसात करे।
राजवीर सिंह ‘राज’ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से सदैव अपने माता-पिता का सम्मान करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रस्तुति देने वाले छात्र छत्राओं को मेडल पहनाकर पुरुस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंजू शर्मा, मेधावी आर्य, मेधावर्त, शीतल, चंचल, संजय प्रकाश, सोनम यादव, मुस्कान, अलका गुप्ता, कौशाम्बी, नव्या गुप्ता, दिया, अंजली, कनक प्रताप सिंग, देशदीप, रुचि वार्ष्णेय, शैवाली वार्ष्णेय,
प्रदीप यादव, राधा नेगी, अंशु, नागेश कुमार, अखिलेश कुमार, कुशनंदन, नेत्रपाल सिंह, अक्षय राठौर, अनित कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन ज्ञान प्रकाश उपाध्याय द्वारा किया गया।