स्कूल स्टाफ की लापरवाही से गई मासूम की जान, कुएं में गिरकर कक्षा दो के छात्र की मौत
संवाददाता विनय कुमार अग्रवाल की रिपोर्ट फतेहगंज पूर्वी
*पानी पीने गया था बच्चा, खुले कुएं में गिरने से हादसा; परिजनों में मचा कोहराम*
भुता। थाना क्षेत्र के गांव अदीनापुर स्थित आत्मानंद विद्या मंदिर में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा दो के छात्र की कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और स्टाफ पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम अंगदपुर खमरिया निवासी टिंकू बाबू ने थाना भुता पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुत्र लविश आत्मानंद विद्या मंदिर में कक्षा दो का छात्र था। गुरुवार सुबह वह अपने छोटे भाई अनुज के साथ स्कूल गया था।
आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे लविश स्कूल के बाहर लगे नल पर पानी पीने गया, जहां पास में स्थित खुले कुएं में वह गिर गया। घटना की जानकारी छोटे भाई अनुज ने तुरंत स्कूल स्टाफ चिरौंजीलाल, नरेंद्रपाल और शिक्षिका शिल्पी को दी, लेकिन आरोप है कि किसी ने समय रहते ध्यान नहीं दिया और स्टाफ मोबाइल फोन में व्यस्त रहा।
जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक मासूम लविश की कुएं में डूबकर मौत हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित पिता ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित स्टाफ को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।