डीएम एवं एसपी सम्भल ने बहजोई एथलेटिक्स क्लब की साइकिल मैराथन टी-शर्ट लॉन्च कर युवाओं से जुड़ने का किया आह्वान।
बहजोई:
बहजोई एथलेटिक्स क्लब के तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आगामी 3 जून, बुधवार को आयोजित होने वाली साइकिल मैराथन के प्रमोशन को लेकर क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी सम्भल अंकित खंडेलवाल, अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई से भेंट की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु आमंत्रित किया तथा साइकिल मैराथन की विशेष टी-शर्ट का लोकार्पण कराया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान करते हुए बहजोई एथलेटिक्स क्लब द्वारा स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कहा कि नियमित साइकिलिंग स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान किया।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर समाज में प्रेरणादायी संदेश देना चाहिए।
इस अवसर पर साइकिल मैन जयप्रकाश गुप्ता, बीएमबीएल जैन ग्रुप के निदेशक सम्भव जैन, इंटरमीडिएट कॉलेज के उपाध्यक्ष लवमोहन वार्ष्णेय, विनीत यादव, अनुराग वार्ष्णेय, सुमित वार्ष्णेय सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।