उपायुक्त खण्ड-9 बरेली की अध्यक्षता में व्यापारी संवाद कार्यक्रम सम्पन्न हुआ
राज्य कर विभाग, खण्ड-9, बरेली द्वारा 03 जून 2026 को ताज पैलेस बैंक्वेट हॉल, बरेली में "व्यापारी संवाद कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त, राज्य कर, खण्ड-9, बरेली श्रीमती ज्योत्सना कुशवाहा ने की।
अपने संबोधन में श्रीमती कुशवाहा ने समय से रिटर्न दाखिल करने के महत्व, विभिन्न वैधानिक समय-सीमाओं, पुस्तकों एवं अभिलेखों के उचित संधारण तथा ई-इनवॉइस एवं ई-वे बिल संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी।
सहायक आयुक्त सुश्री शोभना तोमर ने जीएसटी 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे सुधारों एवं कर दरों के युक्तिकरण के माध्यम से व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने हेतु सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला। सहायक आयुक्त श्री योगेश कुमार सिंह ने नियम 14-A के अंतर्गत लघु करदाताओं के लिए
त्वरित एवं सरल जीएसटी पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी दी। राज्य कर अधिकारी श्री शुभम सिंह ने करदाताओं से फर्जी बिलिंग एवं फर्जी आईटीसी जैसी गतिविधियों से दूर रहने का आह्वान किया।
इसके उपरांत आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में व्यापारियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को विभाग के समक्ष रखा गया, जिन पर विभाग द्वारा आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए संज्ञान लिया गया।
कार्यक्रम में बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन, बरेली के अध्यक्ष श्री गोपेश अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष श्री लईक खान, अधिवक्ता आयुष गुप्ता, भूपेन्द्र सिंह, राजीव माथुर, दानिश, आदिल, मोहम्मद हसनैन, महिला उद्यमी असमा बी (वारदा फैशन) तथा खण्ड-9 क्षेत्र से जुड़े प्रमुख व्यापारी सरताज अहमद, सलमान खुर्शीद, इम्तियाज हुसैन, मोहम्मद मनाफ, मोहम्मद तौफीक, हिफजान इज्जत, मोहम्मद सिन्हा एवं मोहम्मद मन्नान सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा विभाग एवं व्यापारियों के मध्य बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सराहना की गई।