पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का संदेश
बदायूँ: 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उझानी के कृषि विज्ञान केंद्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता व बिल्सी विधायक हरीश शाक्य की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। भाजपा जिलाध्यक्ष व बिल्सी विधायक ने आमजन से एक पेड़ मां के नाम अवश्य रोपित कर उसे संरक्षित करने का आवाहन किया।भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में 8 लाख 65 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य शासन स्तर से दिया गया है। अधिकारी इस लक्ष्य को प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर एक पेड़ मां के नाम सभी आमजन अपने-अपने क्षेत्र में रोपित कर उसकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना ही पर्याप्त नहीं है जब तक पौधा आत्मनिर्भर बनकर पेड़ न बन जाए तब तक उसकी रक्षा व देखभाल आवश्यक रूप से हो, यह सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण का कार्यक्रम केवल औपचारिकता न होकर संकल्प के साथ इस कार्य को करना आवश्यक है। पेड़ वृक्ष का गहना है व आने वाली पीढियां की भी धरोहर है। उन्होंने कहा कि किसी भी अभियान के लिए स्वयं को बदलना भी आवश्यक है तभी उस कार्य व बात का प्रभाव होता है। उन्होंने कहा कि जन-जन तक पृथ्वी को संरक्षित व हरा-भरा करने का संदेश इस वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से दिया जाना चाहिए। उन्होंने जनपद वासियों से आह्वान किया कि वह भी एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाएं व उसको संरक्षित करने का संकल्प भी लें।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि पौधारोपण का कार्य न केवल पर्यावरण संरक्षण करता है
अपितु इससे स्वास्थ्य लाभ भी होता है, क्योंकि पौधों से हमें ऑक्सीजन मिलती है और ऑक्सीजन जीवन दायिनी है। उन्होंने सभी से कहा कि वह अवश्य पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन में अपना सहयोग दें। इस अवसर पर डीएम अवनीश राय व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
----