पीछे से आ रही कार ने कार में मारी टक्कर,शाहजहांपुर के व्यापारी की मौत,पत्नी गंभीर घायल
संवाद सूत्र जागरण फतेहगंज पूर्वी - बरेली सीतापुर हाईवे पर शाहजहांपुर के एक व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे घायल हो गए।हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी कार को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरे।घटना द्वारकेश शुगर मिल के सामने बुधवार देर रात हुई।
मृतक की पहचान शाहजहांपुर के कटिया टोला निवासी 55 वर्षीय व्यापारी शिवओम गुप्ता के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ बरेली के मढ़ीनाथ स्थित बड़े बेटे की ससुराल से लौट रहे थे। देर रात उनकी कार द्वारकेश चीनी मिल के पास पहुंची थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद खाई में गिरीं दोनों कारें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फतेहगंज पूर्वी पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
चालक हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस
अस्पताल में डॉक्टरों ने शिवओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी आशा गुप्ता को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दोनों पुत्र आकाश दीप गुप्ता और विकास दीप गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।