■ शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर/विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
बदायूँ। स्थानीय विद्या भारती शिक्षण संस्थान शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर/विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइन्स, बदायूँ में विश्व पर्यावरण दिवस हर्षोल्लास एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा, प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा, शिशु मन्दिर के प्रधानाचार्य सुशील कुमार, वरिष्ठ आचार्य लालाराम वर्मा एवं प्रवक्ता विनय चौहान द्वारा विभिन्न छायादार, पुष्पीय एवं सदाबहार पौधों के रोपण से किया गया।
इस अवसर पर व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा ने कहा कि "पेड़ हैं तो प्रकृति है और प्रकृति है तो हमारा जीवन है।" उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षों का संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं तथा इनके बिना स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।
वहीं शिशु मन्दिर के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने वृक्षों की लगातार घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ते वैश्विक तापमान एवं ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में अनेक पुष्पीय एवं सदाबहार पौधे लगाए गए तथा सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु वर्षभर अधिकाधिक वृक्षारोपण करने एवं वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्यगण, कर्मचारीगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।