जरीफनगर- कादरनगर उर्फ कादरचौक गांव में रविवार देर रात शादी समारोह से बाइक से लौट रहे दो चचेरे-तहेरे भाइयों पर पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला किया गया। लाठी-डंडे, फरसा और कुल्हाड़ी से हुए हमले में एक भाई हरिओम की बरेली मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सोमवार शाम मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई रामानंद गंभीर रूप से घायल है।
कादरनगर निवासी नेहा पत्नी कृपाल के बेटे हरिओम रविवार रात करीब 11:30 बजे गांव की ही कल्याण की पुत्री की शादी से अपने चचेरे भाई रामानंद के साथ दावत खाकर लौट रहे थे। रास्ते में चंद्रकेश, चंद्रवीर, नन्ना, वडूडा, प्रेमसिंह पुत्रगण देवेंद्र,
पप्पू, रिंकू, कमलेश पुत्रगण रामेश्वर, विपिन पुत्र धर्मवीर, कुंवरपाल पुत्र महानंद, जितेंद्र पुत्र सुरेश और सुरेश पुत्र छन्नू आदि ने घेरकर हमला कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए।
हरिओम को बचाने आए उसके दोस्त जोगेंद्र पर भी आरोपियों ने तमंचे से फायर कर दिया और कुल्हाड़ी से सिर पर वार किया। 112 पुलिस के पहुंचने पर सभी आरोपी फरार हो गए।
*12 लोगों पर हत्या का केस, सीओ ने दी सख्त कार्रवाई की गारंटी*
मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। हरिओम की मौत के बाद केस को हत्या में तब्दील कर दिया गया है।
घटना के बाद आज सीओ अशोक कुमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सीओ ने कहा कि जितनी कड़ी से कड़ी कार्रवाई संभव होगी, की जाएगी। जरीफनगर थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
घायलों का इलाज जारी है। हरिओम की हालत गंभीर होने पर उसे पहले जिला अस्पताल, फिर बरेली मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।