विश्व शांति एवं लोककल्याण की कामना से श्री कल्याण मंदिर विधान एवं हवन महायज्ञ संपन्न।
संवाददाता नेत्रपाल सिंह
-------------------------
बहजोई: बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के तत्वावधान में विश्व शांति, मानव कल्याण एवं वैश्विक सद्भाव की कामना के साथ श्री कल्याण मंदिर विधान एवं हवन महायज्ञ का भव्य आयोजन बीएमबीएल जैन कॉलेज परिसर, ग्राम नाधौस में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में न्यास के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार जैन एवं अलका जैन, अमन जैन एवं राशी जैन मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान एवं विधि-विधान झज्जर (हरियाणा) से आये
नीरज जैन शास्त्री द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराए गए।
इस अवसर पर न्यास के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार जैन ने कहा कि, आज विश्व अनेक चुनौतियों, अशांति और युद्ध जैसे तनावपूर्ण वातावरण का सामना कर रहा है। ऐसे समय में भगवान महावीर स्वामी का 'जियो और जीने दो' का संदेश सम्पूर्ण मानवता के लिए सबसे अधिक प्रासंगिक है। इसी भावना के साथ विश्व शांति, सद्भाव, अहिंसा और समस्त प्राणिमात्र के कल्याण की कामना से यह श्री कल्याण मंदिर विधान एवं महायज्ञ आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत केवल किसी एक धर्म के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए शांति, सह-अस्तित्व और करुणा का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
कार्यक्रम में बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के सचिव नमन जैन, न्यास के निदेशक संभव जैन, बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल के प्रिंसिपल राजीव कुमार गुप्ता, न्यास के संरक्षक संजय जैन,छाया जैन, प्रियल जैन,साक्षी जैन,
अभिनय जैन हॉस्टल वार्डन राधा नेगी सहित छात्रावास के सभी छात्र एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का सफल संचालन एवं समन्वय अंकित रावत, डब्लू सिंह, दीपक कुमार एवं सहयोगी टीम द्वारा किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के सिद्धांतों का स्मरण करते हुए विश्व शांति, राष्ट्र की उन्नति एवं समस्त प्राणिमात्र के मंगल की कामना के साथ हवन में आहुतियां अर्पित कीं। धार्मिक वातावरण, णमोकार मंत्रों की गूंज और भक्तिमय माहौल ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।