भदपुरा निवासी सर्वेश कश्यप के रूप में हुई पहचान, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद सूत्र,जागरण फतेहगंज पूर्वी -
फतेहगंज पूर्वी नगर से निकलने वाले नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज के डिवाइडर पर रविवार को एक अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया।बाद में मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के ग्राम भदपुरा निवासी सर्वेश कश्यप के रूप में हुई।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि सर्वेश मानसिक रूप से विक्षिप्त था और इधर-उधर मांगकर अपना गुजारा करता था।वह अक्सर हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में घूमता दिखाई देता था।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले ही सर्वेश के पिता का भी निधन हो गया था,जिसके बाद वह पूरी तरह बेसहारा हो गया था।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।