सिंगल यूस प्लास्टिक मुक्त हो कावड़ यात्रा: केंद्रीय राज्यमंत्रीकावड़ यात्रा का आयोजन धूमधाम से उत्सव के रूप में किया जाएः प्रभारी मंत्री

Notification

×

All labels

All Category

All labels

सिंगल यूस प्लास्टिक मुक्त हो कावड़ यात्रा: केंद्रीय राज्यमंत्रीकावड़ यात्रा का आयोजन धूमधाम से उत्सव के रूप में किया जाएः प्रभारी मंत्री

Sunday, July 19, 2026 | July 19, 2026 Last Updated 2026-07-19T15:35:47Z
    Share
सिंगल यूस प्लास्टिक मुक्त हो कावड़ यात्रा: केंद्रीय राज्यमंत्री
कावड़ यात्रा का आयोजन धूमधाम से उत्सव के रूप में किया जाएः प्रभारी मंत्री

डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट व चौड़ाई 10 फीट, अधिकतम वॉल्यूम 75 डेसीबल ही अनुमन्यः जिलाधिकारी
कावड़ियों का मार्ग सुगम बनाएं, पुलिस का व्यवहार कावड़ियों के प्रति अच्छा रहेः प्रभारी मंत्री
कावड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद को 06 जोन व 16 सेक्टर में बांटा
प्रकाशमय रहेगा कांवड़ मार्ग, सीसीटीवी कैमरे से रहेगी निगरानी
बदायूं 19 जुलाई। कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में रविवार को कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत आहूत समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि कावड़ यात्रा सिंगल यूस प्लास्टिक मुक्त हो। जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं जन्तु विज्ञान अरुण कुमार सक्सेना ने कहा की कावड़ यात्रा का आयोजन धूमधाम से उत्सव के रूप में किया जाए। कावड़ यात्रा घटना रहित हो। उन्होंने कहा कि कावड़ियों का मार्ग सुगम बनाएं और इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कावड़ियों को कोई परेशानी ना हो।
30 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो रही कावड़ यात्रा के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में कावड़ यात्रा को सकुशल रूप से संपन्न कराने के संबंध में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आहूत बैठक में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि कावड़ यात्रा में कावड़ियों को परेशानी ना हो। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा परस्पर समन्वय से कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सभी तैयारियां इस प्रकार की हों कि कांवड़ियों के लिए यह यात्रा यादगार बन जाए और वह बदायूं से अमिट स्मृति लेकर जाएं।  
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं जन्तु विज्ञान अरुण कुमार सक्सेना ने जिला वन अधिकारी से कहा कि शिवालयों में वन विभाग की ओर से फलदार पेड़ों को भक्तों को दिया जाए ताकि वह उसे अपने घरों पर लगा सके।

 उन्होंने लोक निर्माण विभाग व एनएचएआई के अधिकारियों से कहा कि सड़कों के गडढ़ों को समय से ठीक कराया जाए ताकि कांवड़ियों को कोई परेशानी ना हो। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बदायूं व कछला से कहा कि अगर कहीं रास्ते में नाले खुले हैं तो उन्हें पाट दिया जाए।
 उन्होंने साफ सफाई की समुचित व्यवस्था के लिए नगर पंचायत कछला नगर पालिका परिषद उझानी नगर पालिका परिषद बदायूं के अधिशासी अधिकारियों व जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया तथा अब तक की गई कार्यवाही के बारे में भी जानकारी ली।


प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले विद्युत पोलों पर प्लास्टिक/रैपर लगाया जाए तथा ट्रांसफार्मर आदि की भी बैरिकेडिंग की जाए तथा ढीले तारों को टाइट किया जाए ताकि कोई घटना ना हो सके। वहीं उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक संचालन करने उसमें समुचित दवाई आदि रखने के लिए निर्देशित किया।
प्रभारी मंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि कावड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे तथा पुलिस अधिकारियों का व्यवहार कावड़ियों के प्रति अच्छा रहे इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि प्रत्येक शिविर पर मोबाइल टॉयलेट हो तथा वहां महिला पुलिस कार्मिक की तैनाती हो। कांवड़ियों को परेशानी ना हो। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाए।    
जिलाधिकारी अवनीश राय ने जिला प्रशासन द्वारा कावड़ यात्रा के दृष्टिगत की गई तैयारियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि कांवड़ व डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट व अधिकतम चैड़ाई 10 फीट ही होगी तथा डीजे पर बजने वाले गानों का अधिकतम वॉल्यूम 75 डेसी बल ही अनुमन्य होगा। उन्होंने बताया कि कावड़ यात्रा के दृष्टिगत पूरे जनपद को 06 जोन व 16 सेक्टर में बांटा गया है।

 प्रत्येक जोन में एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट व जोनल पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है वहीं सेक्टर में दो-दो पालियों में 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा तीन-तीन पालियों में 42 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि कावड़ यात्रा में कछला गंगा घाट मुख्य मार्ग पर 422 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही 07 वॉच टावर भी लगाए गए हैं जिसमें एक गंगा घाट पर 6 अन्य स्थानों पर होंगे। बैरियर, नाव, गोताखोरों, मोबाईल टायलेट, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम आदि की व्यवस्था भी रहेगी। कुल 132 शिवालय हैं जिनमें से 68 जलाभिषेक के मंदिर हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में कछला गंगाघाट, जोरी नगला, भुण्डी, अटैना, साधू मढ़ी व जामनी सहित 06 घाट है। कुल 32 कावड़ शिविर लगाए जाएंगे। 

उन्होंने कहा कि इन शिविरों पर शिविर संचालक अपने व्यक्तियों की रोस्टर वार ड्यूटी अवश्य लगाएं। कांवड़ यात्रा की कुल दूरी 331 किलोमीटर है। उन्होंने कहा की कावड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी मास की दुकानें बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग पर समुचित प्रकाश व्यवस्था के लिए हैलोजन आदि लाइट भी लगाई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान त्वरित सहायता एवं प्रभावी समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित आईसीसीसी कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05832-266049, 05832-266050, 05832-266052 एवं 05832-266054 तथा मोबाइल नंबर 7505389289 एवं 7505395940 जारी किए गए हैं। इसी प्रकार पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम के


 मोबाइल नंबर 9454402956 एवं 9454417440 पर भी किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त कछला पुलिस चैकी, थाना कोतवाली उझानी, थाना कोतवाली बदायूं तथा थाना सिविल लाइंस में भी नियंत्रण कक्ष संचालित रहेंगे, जहां से यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
 जिलाधिकारी ने बताया कि 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शुक्रवार सायं 8ः00 बजे से सोमवार सायं 5ः00 बजे तक लागू रहने वाले रूट डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाएगा। उन्होंने बताया की कावड़ यात्रा के दौरान 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त, 24 अगस्त सहित कुल चार सोमवार पड़ेंगे तथा 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि मनाई जाएगी व 28 अगस्त को रक्षाबंधन होगा।
बैठक के दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, शेखूपुर विधानसभा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य आदि ने भी अपने अमूल्य विचार व सुझाव रखें। इससे पूर्व कलेक्ट्रेट आगमन पर प्रभारी मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को बुके देकर उनका स्वागत किया।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, शेखूपुर के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष जेके सक्सेना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सीडीओ गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरूण कुमार, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी आदि मौजूद रहे।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close