--------------------------
संवाददाता नेत्रपाल सिंह
--------------------------
बहजोई:कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बहजोई एथलेटिक्स क्लब द्वारा बहजोई नगर से बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल तक 10 किलोमीटर साइकिल मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त अमर सैनिकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर किया गया। आयोजन का उद्देश्य केवल खेल गतिविधि तक सीमित न होकर युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं कर्तव्यबोध की भावना जागृत करना रहा।
साइकिल मैराथन बहजोई बस स्टैंड से प्रारंभ होकर बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल परिसर में संपन्न हुई। तिरंगा हाथों में लिए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ मैराथन में भाग लेकर कारगिल के अमर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल के निदेशक एवं बहजोई एथलेटिक्स क्लब के संयोजक सम्भव जैन ने कहा कि आज की जेन-ज़ी (Gen Z) देश का वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य भी है। यदि युवा पीढ़ी शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित होगी, तभी भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जब युवा अपनी संस्कृति, संस्कारों और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़े रहते हैं, तब समाज और राष्ट्र दोनों सुदृढ़ बनते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
साइकिलिस्ट जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि साइकिलिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं में फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित साइकिलिंग अपनाने की अपील की।
डॉ. नितिन गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। नियमित व्यायाम, खेल एवं साइकिलिंग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग हमें राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का सदैव स्मरण कराता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने कारगिल के अमर वीरों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल विजय का उत्सव नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में बहजोई एथलेटिक्स क्लब की ओर से सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी राष्ट्रहित, स्वास्थ्य जागरूकता और युवा प्रेरणा से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया, इस अवसर पर चेतन कुमार सिंह,अवनेश नानू सर्राफ, अनुराग वार्ष्णेय, विनीत यादव, अनुज जैन, सम्भव जैन, जय प्रकाश गुप्ता, एकांश गुप्ता, रूपक वार्ष्णेय, राजीव वार्ष्णेय, मेहुल वार्ष्णेय, सुमित गुप्ता आदि उपस्थित रहे।