बदायूँ में अंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, प्रशासन-पुलिस टीम पर पथराव - रात में मचा हड़कंप
यूपी हैड कौशल पाराशरी की रिपोर्ट बदायूं
बदायूँ। जिले में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना को लेकर एक बार फिर तनाव फैल गया। मामला फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम सीकरी से जुड़ा बताया जा रहा है, जहाँ ग्रामीणों ने बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया। सूचना पर मौके पर पहुंची प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा और टीम पर पथराव कर दिया गया। जिसमें पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सड़क पर अफरा-तफरी के बीच भागते हुए दिख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने गांव में चबूतरा बनाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी। इसकी जानकारी राजस्व टीम को हुई तो वह मौके पर पहुंची और प्रशासन को सूचना दी।
रात में प्रतिमा गिरी, पुलिस से हाथ टूटा
इससे पहले इसी गांव में एक और घटना हुई थी। सुबह जब ग्रामीण सोकर उठे तो प्रतिमा जमीन पर पड़ी मिली। सूचना पर चौकी आसफपुर पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज जोगेंद्र बालियान ने सिपाहियों के साथ प्रतिमा को उठाने का प्रयास किया, इसी दौरान प्रतिमा का हाथ टूट गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिमा गिराने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने जल्दबाजी में प्रतिमा उठाई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था और वे उसी भूमि पर फिर से प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे।
प्रतिमा हटाने गई टीम पर पथराव
जब प्रशासन ने बिना अनुमति आरक्षित/खलिहान की भूमि पर स्थापित मूर्ति को हटाने की कोशिश की तो ग्रामीण उग्र हो गए। इसी तरह की घटनाओं में पहले भी देखा गया है कि ग्रामीण आक्रोशित होकर पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव करने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रात के अंधेरे में पुलिस की गाड़ियों की लाल-नीली बत्तियां जल रही हैं और पुलिसकर्मी व अधिकारी सड़क पर दौड़ते हुए अपनी जान बचाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पथराव में कई कर्मचारी घायल हो गए थे, जिसके बाद भारी फोर्स आने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना की सूचना पर बिसौली एसडीएम, सीओ अंशुमान श्रीवास्तव, कोतवाल समेत तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और कहा कि बिना अनुमति प्रतिमा आरक्षित भूमि पर स्थापित नहीं होने दी जाएगी।