*नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह का रामपुर में भव्य स्वागत*
संवाददाता सुधीर शर्मा ब्यूरो चीफ रामपुर
रामपुर। राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद प्रथम बार रामपुर पहुंचे कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के मुरसैना मंडल में भव्य स्वागत किया गया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मोहन कुमार लोधी के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पूर्ववर्ती नेतृत्व की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव के मुस्लिम समाज सहित सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। साथ ही, उन्होंने रामपुर के विकास के लिए संसद में आवाज उठाने का वादा किया और आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की पांचों सीटों पर भाजपा को जिताने का आह्वान किया।
समारोह में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने विपक्ष पर मुस्लिम समाज को डराकर वोट लेने का आरोप लगाया और कहा कि 'मादरे वतन' और 'वंदे मातरम' का अर्थ एक ही है, इसलिए सभी को मातृभूमि के सम्मान में इसे बोलना चाहिए। नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।
अंत में आयोजक मोहन कुमार लोधी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। मंच संचालन सचिन सिंह ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, घनश्याम सिंह लोधी, सूर्य प्रकाश पाल, आकाश सक्सेना सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।