हिसाब किताब होने की बात कहते नजर आए शिवपाल यादव,उनके इस बयान पर भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह ने पलटवार किया
बदायूं में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। प्रत्याशी और नेता एक-दूसरे पर सियासी तीर चला रहे हैं। इसी कड़ी में शिवपाल यादव का एक वीडियो वायरल हुआ , जिसमें वोट न देने पर हिसाब किताब होने की बात कहते हैं। उनके इस बयान पर भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह ने पलटवार किया है।
बदायूं में सोशल मीडिया पर सियासी वार के बीच भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह ने सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव को गुंडों का सरदार बताया है। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव का स्वभाव गुंडई का रहा है।
वह गुंडों को हमेशा संरक्षण देते रहे हैं। मगर अब भाजपा की सरकार है, जो जीरो टॉलरेंस नीति पर कायम है। जो गुंडई करते हैं, अब उनसे डरने की जरूरत नहीं है। जो जैसा करेगा वो वैसा भरेगा।
दरअसल, सपा के महासचिव व बदायूं सीट से प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव का एक वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ था। इसमें चुनाव प्रचार के दौरान वह कह रहे हैं
कि हमें वोट नहीं दिया तो हिसाब-किताब होगा। इस बयान को लेकर शनिवार को भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह ने कुछ मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल को गुंडों का सरदार बताया।
सपा के उम्मीदवार बदलने के प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वैसे तो यह उनके परिवार का अंदरूनी मामला है।
वह इस पर बोलना नहीं चाहते लेकिन फिर भी मुझे लगता है कि चाचा को भतीजे ने फंसा दिया। उनके मुताबिक सपा एक परिवार की पार्टी है। परिवार में लड़ाई है। बार- बार प्रत्याशी बदल रहे हैं पर परिवार से ही प्रत्याशी मिल रहा है।
सपा की गुंडई का जवाब देने को जनता तैयार : भूपेंद्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बदायूं के सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव के बयान पर कहा कि सपा का मूल चरित्र ही लोगों को धमकाना एवं अराजकता फैलाना है।
शुक्रवार को एक्स पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बदायूं में वोट न देने पर जनता को हिसाब-किताब बराबर करने की खुलेआम धमकी दे रहे हैं।
वहीं कन्नौज में सपा मुखिया अखिलेश यादव के सामने ही भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक के टुकड़े-टुकड़े करने की बात कही गई और वे मौन रहे।