गुरुद्वारा कमेटी ने भव्य नगर कीर्तन निकाला। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह नगर कीर्तन का फूल बरसाकर स्वागत
बिलासपुर। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाशोत्सव के मौके पर बृहस्पतिवार को नगर में गुरुद्वारा कमेटी ने भव्य नगर कीर्तन निकाला। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह नगर कीर्तन का फूल बरसाकर स्वागत किया। राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख समेत अन्य लोगों ने नगर कीर्तन में शामिल पंज प्यारों का स्वागत किया।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे नगर व क्षेत्र के तमाम लोग नगर में माटखेड़ा रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में एकत्र हुए। अरदास के बाद नगर कीर्तन शुरू हुआ। जिसमें सबसे आगे उत्साही युवक तमाम वाहनों पर सवार होकर जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। उनके पीछे भाई गुरनाम सिंह नगाड़ा बजाते हुए चल रहे थे। नगर व क्षेत्र के प्रमुख स्कूलों के बच्चे भी अपने अपने करतब करते हुए चल रहे थे। गतका पार्टी भी अपना करतब दिखा रही थी।
स्वर्ण मंदिर आदि की झांकियां आकर्षण का केंद्र थीं। तमाम श्रद्धालु सड़क पर पानी का छिड़काव कर झाड़ू लगाते हुए चल रहे थे। उनके पीछे पंज प्यारे व पंज निशानची चल रहे थे। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सुसज्जित सवारी के समक्ष तमाम श्रद्धालु शीश नवाकर आशीर्वाद व प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। उनके पीछे महिलाएं एवं पुरुष शबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे।