पत्थर
दबंगों ने घर में घुसकर मचाया उत्पात
महिलाओं से अभद्रता के बाद मारपीट, गली में बरसाए ईंट-
मिलक। नगर के मोहल्ला रौरा खुर्द में शुक्रवार शाम दबंगई का मामला सामने आया, जहां कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट और पथराव किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मोहल्ले में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता श्रीमती भूरी पत्नी राजपाल निवासी मोहल्ला रौरा खुर्द ने थाना मिलक में दी गई शिकायत में बताया कि 15 मई 2026 की शाम लगभग 6 बजे राजा उर्फ बाबू पुत्र विपिन, बबीता पत्नी विपिन जोशी, लक्की सक्सेना पुत्र जगदीश सक्सेना तथा बबीता सक्सेना पत्नी जगदीश सक्सेना उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगे और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया।
पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घर के अंदर से शोर सुनकर परिवार के लोग अपने-अपने कमरों से बाहर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि इसके बाद गली में ईंट और पत्थर फेंके गए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुए हंगामे से मोहल्ले के लोग सहम गए। काफी देर तक इलाके में शोर-शराबा और भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो होने का दावा भी किया है, जिसे जांच के दौरान पुलिस को सौंपा जा सकता है।
थाना मिलक पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।