बहजोई में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जैन समाज ने सौंपा ज्ञापन, साध्वियों की दुर्घटना पर जताया रोष।
----बहजोई: रीवा (मध्य प्रदेश) में जैन साध्वियों के पैदल विहार के दौरान हुई दुःखद सड़क दुर्घटना को लेकर बहजोई के जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में श्री दिगम्बर जैन सभा, बहजोई एवं जैन मिलन बहजोई के संयुक्त तत्वावधान में पदाधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के
नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिला अधिकारी (न्यायिक) सौरभ पांडे को सौंपा गया। ज्ञापन में देशभर में पदविहाररत जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई गई। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया
कि रीवा (म.प्र.) में जैन आर्यिका श्री 105 श्रुतमती माताजी एवं आर्यिका श्री 105 उपशममती माताजी की पैदल विहार के दौरान सड़क दुर्घटना में हुई आकस्मिक मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। समाज के प्रतिनिधियों ने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक बताते हुए गहरा शोक एवं रोष व्यक्त किया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि देशभर में पदविहार कर रहे जैन संत-साध्वियों की सुरक्षा हेतु प्रभावी प्रोटोकॉल बनाया जाए, दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस अवसर पर श्री दिगम्बर जैन सभा बहजोई के महामंत्री संभव जैन ने कहा कि जैन समाज सदैव राष्ट्रहित एवं राष्ट्र की उन्नति की कामना करने वाला समाज रहा है। इस प्रकार की घटनाओं से सम्पूर्ण जैन समाज का मन अत्यंत आहत है। उन्होंने कहा कि सरकार को जैन समाज के पूज्य संतों एवं साध्वियों की कठोर साधना और पैदल विहार परंपरा का
सम्मान करना चाहिए, क्योंकि जैन संत आजीवन वाहनों का उपयोग नहीं करते तथा पैदल ही विहार करते हुए धर्म, अहिंसा और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत विविधता एवं अनेकांतवाद में विश्वास करने वाला देश है। जैन समाज को पूर्ण विश्वास है कि सरकार इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक कदम उठाएगी तथा जैन
संत-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी व्यवस्था बनाएगीl इस अवसर पर श्री दिगम्बर जैन सभा बहजोई के अध्यक्ष सुनील कुमार जैन, महामंत्री संभव जैन, कोषाध्यक्ष मितेश जैन, अनुज कुमार जैन, राहुल जैन, प्रेरक जैन, अतिशय जैन सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।