*काल बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन: घर लौट रहे दो दोस्तों को मारी टक्कर, एक की मौत
फतेहगंज पूर्वी । थाना क्षेत्र के सिमरा हरचंद सिंह स्थित धर्म कांटा के सामने देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना जोरदार था कि एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर की ओर से बरेली जा रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान रामविलास (46 वर्ष) पुत्र लेखराज निवासी सिमरा हरचंद सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक अरुण का इलाज फरीदपुर सीएचसी में चल रहा है। दोनों युवक किसी काम से टिसुआ गए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया।
परिजन आनन-फानन में एम्बुलेंस से दोनों को इलाज के लिए बरेली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रामविलास को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक रामविलास अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
इंस्पेक्टर क्राइम विकास कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है परिजनों की तरफ से तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।