फतेहगंज पूर्वी । मुंडन संस्कार कराने के लिए परिवार के साथ गंगा घाट पहुंचे 8 वर्षीय बालक की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार जिगनिया निवासी रामनिवास अपनी पत्नी विनीता, 8 वर्षीय पुत्र मोनू तथा डेढ़ वर्षीय पुत्री अंशिका के साथ गुरुवार सुबह करीब 9 बजे नगरिया कला गंगा घाट पहुंचे थे। यहां अंशिका का मुंडन संस्कार सम्पन्न कराया गया। इसके बाद परिवार के लोग गंगा स्नान करने लगे।
स्नान के बाद जब परिजनों की नजर मोनू पर नहीं पड़ी तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद घाट पर मौजूद लोगों की मदद से मोनू को नदी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। खुशियों के माहौल में अचानक मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोनू की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।