*डीएम-एसएसपी ने आरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कियाः निष्पक्ष व नकलविहीन परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था जांची, दिए निर्देश
एटा में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन ने परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा यह परीक्षा 08, 09 और 10 जून 2026 को आयोजित की जा रही
है। जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3120 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन और पुलिस विभाग ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की है।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने गांधी स्मारक इंटर कॉलेज और जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षा कक्षों और सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया।