जेल से फरार आजीवन कारावास का बंदी मुठभेड़ में गिरफ्तार
बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने केंद्रीय कारागार से फरार आजीवन कारावास की सजा पाए बंदी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिनेश पुत्र अरविंद निवासी नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा है। वह वर्ष 2020 में दर्ज पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और धारा 377 के मामले में दोषी करार दिया गया था तथा 9 जनवरी 2026 को उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। 22 जून को केंद्रीय कारागार बरेली की कृषि कमान से वह फरार हो गया था।
शुक्रवार देर रात नैनीताल हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को उसकी सूचना मिली। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। मौके से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।