जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस भर्ती परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती लिखित परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज परीक्षा के द्वितीय सत्र में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बहजोई स्थित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि उक्त लिखित परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हीरादेवी तोताराम कन्या इण्टर कॉलेज बहजोई एवं इण्टरमीडिएट कॉलेज बहजोई का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, अभ्यर्थियों की प्रवेश एवं चेकिंग व्यवस्था, तथा परीक्षार्थियों के लिए पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गर्मी के दृष्टिगत परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था को लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।