बाल-बाल बचा परिवार: आधी रात बारिश में गिरा खाली मकान
सहसवान- रात के 12 बजे कुदरत ने कहर बरपाया, पर किस्मत मेहरबान रही। मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी मोहन का मकान तेज बारिश के चलते भरभराकर गिर गया।
धड़ाम की आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा। लोग घरों से बाहर निकल आए। चीख पुकार मच गई। लेकिन सबसे बड़ी राहत की बात ये रही कि हादसे के वक्त उस मकान में कोई नहीं सो रहा था।
पूरा परिवार बगल वाले मकान में सोया था। अगर कोई अंदर होता तो बड़ा हादसा हो जाता।
मकान गिरने से घर में रखा सारा सामान मलबे में दब गया। टीवी, फ्रिज, बर्तन, कपड़े, अनाज सब कुछ मिट्टी में मिल गया। जरूरी कागजात भी मलबे के नीचे दबे हैं।
एक झटके में मोहन का आशियाना खंडहर बन गया। परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले वालों ने प्रशासन से तुरंत मदद की गुहार लगाई है। मोहन मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है।