बहजोई एथलेटिक्स क्लब ने अनूठे अंदाज़ में मनाया डॉक्टर्स डे ।
बहजोई एथलेटिक्स क्लब ने अनूठे अंदाज़ में मनाया डॉक्टर्स डे सप्ताह, साइकिल मैराथन कर किया औषधीय पौधों का रोपण।
बहजोई: डॉक्टर्स डे सप्ताह के उपलक्ष्य में बहजोई एथलेटिक्स क्लब द्वारा रविवार को एक अनूठे एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सकों एवं क्लब के सदस्यों ने बहजोई नगर से
बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल तक लगभग 10 किलोमीटर की साइकिल मैराथन तय कर स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं फिटनेस का संदेश दिया।
विशेष बात यह रही कि साइकिल यात्रा के दौरान मानसून की पहली वर्षा आरम्भ हो गई, किन्तु चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों का उत्साह तनिक भी कम नहीं हुआ। सभी ने बारिश के बीच अपनी यात्रा पूरी करते हुए बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल पहुँचकर औषधीय एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर पत्थरचट्टा, गुड़हल, करी पत्ता, अमरूद, गुड़मार, मोगरा, कदंब, सदाबहार सहित विभिन्न औषधीय पौधे लगाए गए, जो भविष्य में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम के उपरांत सभी चिकित्सकों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्प प्रदान कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर बीएमबीएल जैनन वर्ल्ड के निदेशक सम्भव जैन ने सभी चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि चिकित्सक समाज के वास्तविक स्वास्थ्य-रक्षक हैं। वे अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से अनगिनत लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्राकृतिक परिसर समाजहित, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण से जुड़े ऐसे रचनात्मक अभियानों के लिए सदैव समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. प्रवीण, डॉ. नितिन,
डॉ. चिराग, डॉ. आकाश, डॉ. सौरभ गुप्ता एवं डॉ. उत्पल सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। बहजोई एथलेटिक्स क्लब की ओर से जयप्रकाश गुप्ता, सम्भव जैन, सुमित गुप्ता, राजीव वार्ष्णेय, दिव्यांशु, राजू यादव, विनीत यादव, यश कठेरिया, मेहुल वार्ष्णेय, एकांश गुप्ता सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियान भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।