गांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फतेहगंज पूर्वी । थाना क्षेत्र के ग्राम बाकरगंज में एक युवक ने कुंड से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के द्वारा फोरेंसिक जांच टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भगवान दास (38 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे भगवान दास घर के बाहर बनी बैठक में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक बढ़ई जाति का था।
मृतक के बड़े भाई ओमकार ने पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि भगवान दास पांच भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी नहीं हुई थी। वह पहले अपने बड़े भाई ओमकार के साथ रहता था, लेकिन कुछ दिनों से दूसरे भाई बाबूराम के घर पर रह रहा था।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि फोरेंसिक जांच टीम के द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठा किए गए । पुलिस मामले की जांच कर रही है जिससे आत्महत्या करने का कारण पता लगाया जा सके।