मकान निर्माण को लेकर विवाद, दरोगा पर उत्पीड़न का आरोप
संवाददाता विनय अग्रवाल की रिपोर्ट। फतेहगंज पूर्वी ।
गांव कादरगंज में मकान निर्माण को लेकर चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। गांव निवासी शेर सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को शिकायती पत्र देकर कुछ ग्रामीणों तथा एक दरोगा पर उत्पीड़न और पक्षपात का आरोप लगाया है।
शेर सिंह का कहना है कि उनका पुराना मकान खंडहर हो चुका था, जिसके स्थान पर वह नया पक्का मकान बनवा रहे हैं। आरोप है
कि गांव के कुछ लोग निर्माण कार्य में लगातार बाधा डाल रहे हैं और दीवार नहीं बनने दे रहे। शिकायत में कहा गया है कि विरोधी पक्ष बार-बार थाने में शिकायत कर पुलिस का दबाव बनवा रहा है।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान दरोगा उनके घर पहुंचे और निर्माणाधीन दीवार हटाने का दबाव बनाया।
इतना ही नहीं, विरोध करने पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शेर सिंह ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, अवैध कब्जा हटवाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।