*ट्रेन से गिरकर युवती की मौत*
संवाद सूत्र,फतेहगंज पूर्वी - बिलपुर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक युवती की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (जीआरपी) और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:15 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने बिलपुर चौकी पर सूचना दी कि टिसुआ-बिलपुर रेलवे सेक्शन के बीच एक महिला किसी ट्रेन से गिरकर रनओवर हो गई है।सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक नरवीर सिंह, हेड कांस्टेबल कुलभूषण और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां अप लाइन के बाईं ओर एक युवती का शव औंधे मुंह पड़ा मिला।उसके सिर में गंभीर चोट, बायां हाथ टूटा हुआ तथा घुटनों पर खरोंच के निशान मिले।
करीब 11:30 बजे जीआरपी बरेली के उपनिरीक्षक संजीव कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।शव की तलाशी लेने पर आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा बीपीडीएलजी इंटर कॉलेज,विहरा बाजार (बस्ती) का पहचान पत्र बरामद हुआ।दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान प्रिन्सी (19) पुत्री राममूरत, निवासी ग्राम खरका, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती के रूप में हुई।मृतका के पास कोई रेल टिकट या पास बरामद नहीं हुआ।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना के कारण किसी भी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।