शहीद-ए-कर्बला की याद में ताजियादारों ने किया मातम
संवाद सूत्र, फतेहगंज पूर्वी - थाना क्षेत्र के गांव टिसुआ, रधौली, शिवपुरी, कादरगंज, पड़ेरा आदि में मोहर्रम के अवसर पर इमाम हुसैन की याद में 'या हुसैन, या हुसैन' की सदाओं से माहौल गमगीन हो गया। टिसुआ में शिया समुदाय के लोगों ने अजादारी करते हुए जंजीरों और छुरियों से मातम किया।लोगों ने सीना पीटकर इमाम हुसैन की शहादत पर गम का इजहार किया।
ताजियादारों ने बताया कि मैदान-ए-कर्बला में इमाम हुसैन की शहादत हमें अन्याय और बुराई के खिलाफ डटकर संघर्ष करने की प्रेरणा देती है, चाहे इसके लिए अपनी जान ही क्यों न कुर्बान करनी पड़े।
ताजियों के जुलूस के दौरान जगह-जगह पानी की सबील लगाकर राहगीरों और श्रद्धालुओं की प्यास बुझाई गई। वहीं कई स्थानों पर लंगर का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उन्हें भोजन कराया। ताजियादार इमाम हुसैन की याद में गमगीन माहौल में 'या हुसैन, या हुसैन' के नारे लगाते हुए मातम कर रहे थे।
जुलूस के दौरान फतेहगंज पूर्वी पुलिस शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह अलर्ट रही। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पूरे क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और एहतिराम (सम्मान) के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि फतेहगंज पूर्वी नगर में शनिवार को ताजियों का जुलूस निकाला जाएगा। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।