बेकाबू कंटेनर खेत में पलटा, बुजुर्ग की मौतः एटा में बकरी चरा रहे व्यक्ति की जान गई, ड्राइवर हिरासत में
एटा के मलावन थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अकबरपुर गांव के पास हाईवे से अनियंत्रित होकर एक तेज रफ्तार कंटेनर खेत में पलट गया, जिसकी चपेट में आने से बकरी चरा रहे एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अकबरपुर निवासी दोजीराम (पुत्र जौहरी सिंह) अपने खेत में बकरियां चरा रहे थे।
इसी दौरान एटा की ओर जा रहा एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया। कंटेनर सीधे बुजुर्ग दोजीराम के ऊपर जा गिरा, जिससे वे उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही मलावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत
एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को कंटेनर के नीचे से बाहर निकाला गया। उन्हें गंभीर हालत में वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण कंटेनर अनियंत्रित हुआ और यह हादसा हो गया।